अस्पतालों के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, अवधिपार सामग्री नष्ट

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 25 सितंबर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय के निर्देश पर प्रदेशभर में सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा उनके आसपास संचालित कैंटीन, कैफेटेरिया, भोजनालय और रेस्टोरेंट के सघन निरीक्षण एवं नमूनीकरण का अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 24 से 30 सितंबर तक संचालित होगा।

अस्पतालों के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, अवधिपार सामग्री नष्ट
अस्पतालों के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, अवधिपार सामग्री नष्ट


अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. पुखराज साध ने बताया कि अभियान के तहत शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज रोड स्थित श्री करनी ज्यूस सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान 10 लीटर अवधिपार कोल्ड ड्रिंक, एक बोतल कलर तथा सड़े-गले फल मौके पर नष्ट करवाए गए।

इसी क्रम में भानु टी स्टाल और गणेश कचौरी वाला का निरीक्षण किया गया। यहां लाइसेंस, खाद्य हैंडलर्स की मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट तथा पेयजल संबंधी रिपोर्ट सहित आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिले। दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए मौके पर ही नोटिस जारी किए गए।

दूसरी टीम ने पीबीएम अस्पताल परिसर में जयपुर ट्रेडिंग कंपनी, पवन भोजनालय तथा जोधपुर शाही नमकीन का निरीक्षण कर दूध, दाल और समोसे के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। दोनों संबंधित फर्मों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए जा रहे हैं।


अभियान के दौरान कुल चार खाद्य नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।


खाद्य विभाग की टीम ने कैंटीन एवं खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण करने, खाद्य संचालकों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने, परिसर की साफ-सफाई रखने, पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को निर्धारित मानकों के अनुसार रखने के निर्देश दिए।

कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह गहलोत, सुरेंद्र कुमार, राकेश गोदारा, निशांत चारण, सोना रानी, इन्द्रजीत ढाका एवं महावीर मेघवाल द्वारा की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.