ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 08 सितम्बर। राजकीय विधि महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. भगवान राम बिश्नोई की अध्यक्षता में मंगलवार को राजस्थान राज्य महिला नीति-2021 के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
![]() |
| स्वच्छता अभियान के साथ विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प |
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में ‘नई किरण’ एवं ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ भी ली।
नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर में नशामुक्ति रैली का आयोजन भी किया गया। रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया तथा लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेखा आचार्य, डॉ. मल्लिका प्रवीण एवं डॉ. रितु द्वारा किया गया।

