ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। मरुधरा की पावन धरा बीकानेर आगामी 26 सितंबर को ‘हारे के सहारे’ बाबा श्री श्याम के जयकारों से गुंजायमान होगी। श्री श्याम मित्र मंडल, बीकानेर के तत्वावधान में रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि-सिद्धि पैलेस में ऐतिहासिक एवं भव्य वार्षिक संकीर्तन ‘श्री श्याम अखाड़ा 2.0’ का दिव्य आयोजन किया जा रहा है।
![]() |
| बीकानेर में 26 सितंबर को साकार होगा खाटू धाम: रिद्धि-सिद्धि पैलेस में सजेगा दिव्य ‘श्री श्याम अखाड़ा 2.0’ |
श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र खत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष का आयोजन भव्यता और दिव्यता के नए प्रतिमान स्थापित करेगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खाटू धाम से पधार रहे पूज्य मोहनदास जी महाराज एवं श्री श्याम सिंह जी महाराज की पावन उपस्थिति रहेगी, जिनके सान्निध्य में हजारों भक्त हरिनाम संकीर्तन का रसपान करेंगे।
बीकानेर में दिखेगी खाटू धाम की अलौकिक झलक श्रद्धालुओं को स्थानीय स्तर पर ही खाटू धाम की अनुभूति कराने के लिए आयोजन स्थल पर विशेष रूप से ‘श्याम बागीची अखाड़ा’ का दिव्य स्वरूप तैयार किया जा रहा है। रातभर चलने वाले इस महा-जागरण में बाबा का नयनाभिराम अलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग, अखंड ज्योत के साथ-साथ समूचे प्रांगण में केसर एवं इत्र की सुगंधित वर्षा की जाएगी। देश के ख्यातिप्राप्त भजन गायकों द्वारा बाबा के चरणों में भजनों की अमृत वर्षा की जाएगी।
सीधे बाबा के चरणों में अर्पित होंगी भक्तों की अर्जियां मंडल द्वारा इस बार एक अनूठी व भावुक पहल करते हुए परिसर में ‘अर्जी बॉक्स’ की व्यवस्था की जा रही है। जो भक्त किन्हीं कारणों से खाटू धाम जाने में असमर्थ हैं, वे अपनी प्रार्थना व मनोकामना पत्र इस बॉक्स में डाल सकेंगे। मंडल के पदाधिकारी इन सभी अर्जियों को पूर्ण विधि-विधान और मर्यादा के साथ खाटू धाम स्थित बाबा के मुख्य निज मंदिर में समर्पित करेंगे।
अध्यक्ष नरेंद्र खत्री एवं समस्त मंडल पदाधिकारियों ने बीकानेर सहित संपूर्ण संभाग के धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार पधारकर इस अलौकिक संकीर्तन व संतों के आशीष का पुण्य लाभ अर्जित करें।

