मास्टर बच्ची क्लब के 12 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में चयन, बीकानेर का मान बढ़ाया

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। बीकानेर के प्रतिष्ठित खेल संस्थान मास्टर बच्ची क्लब के खिलाड़ियों ने 70वीं राज्य स्तरीय स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर शहर का नाम रोशन किया है। क्लब के कुल 12 खिलाड़ियों (7 बालिकाएं और 5 बालक) का चयन अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग की विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।

मास्टर बच्ची क्लब के 12 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में चयन, बीकानेर का मान बढ़ाया
मास्टर बच्ची क्लब के 12 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में चयन, बीकानेर का मान बढ़ाया


चयनित खिलाड़ियों में बालक वर्ग से केशव पुरोहित, दिनेश किराडू, प्रद्युम्न ओझा, अंशुल पंवार और गौरव शामिल हैं। वहीं बालिका वर्ग से जयश्री, भावना, जया, निधि स्वामी, रितिका सारस्वत, राधिका और शिवानी बिश्नोई ने अपने शानदार खेल कौशल, उच्च फिटनेस और अनुशासन के दम पर चयनकर्ताओं को प्रभावित कर यह स्थान हासिल किया।

क्लब के सचिव एवं मुख्य कोच भरत पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि मास्टर बच्ची क्लब निरंतर फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में क्लब के खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर 100 से अधिक बार चयन हो चुका है, जबकि 5 से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं।

बालिकाओं की टीम को कोच बुंदेला सिंह और श्याम चुरा के मार्गदर्शन में तकनीकी और मानसिक मजबूती की ट्रेनिंग दी गई। वहीं बालक टीम को कोच देवेंद्र पुरोहित, आशीष और विनोद ने फिटनेस, मैच रणनीति और गेम टेम्परामेंट के लिए तैयार किया।

क्लब के संरक्षक एन. डी. रंगा ने कहा कि 40 वर्षों से अधिक पुराना यह क्लब बीकानेर में फुटबॉल के विकास और खिलाड़ियों में अनुशासन, टीमवर्क व खेल भावना विकसित करने के लिए निरंतर समर्पित है। क्लब अध्यक्ष सुनील बंठिया ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर पर भी बीकानेर का परचम लहराएंगे।

क्लब पदाधिकारी राम जी सोनी ने इस सफलता का श्रेय मुख्य कोच भरत पुरोहित और उनकी टीम के अथक प्रयासों को दिया। इस उपलब्धि पर क्लब के वरिष्ठ सदस्य महावीर शर्मा, त्रिभुवन ओझा, अशोक छंगानी, शिवकुमार शर्मा, इंद्र जोशी, प्रेम जी पुरोहित, राजेंद्र चांडक, अनिल छंगानी और कालू भा सहित खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.