ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। श्री श्याम परिवार मंडल (करनी नगर, लालगढ़) के तत्वावधान में आगामी गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को सातवीं विशाल भजन संध्या एवं पावन अखाड़े का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक महोत्सव प्राचीन निज मंदिर, सूरजगढ़ धाम के पूज्य श्री मनोहर दास जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित होगा।
![]() |
| बीकानेर में 1 अक्टूबर को सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार, सातवीं विशाल भजन संध्या का होगा आयोजन |
मंडल के श्याम जी माहेश्वरी, वीरेंद्र शर्मा, प्रकाश सोनी एवं तरुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह भव्य आयोजन रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्री खांडल विप्र भवन (जैन कॉलेज के पीछे, रोड नंबर 5) में सायं 7:15 बजे से प्रभु इच्छा तक आयोजित होगा।
विख्यात भजन गायक बांधेंगे समां: कार्यक्रम में कोलकाता के सुप्रसिद्ध भजन सम्राट संजय मित्तल बाबा श्याम के दरबार में अपनी सुमधुर प्रस्तुतियां देंगे। उनके साथ स्थानीय एवं लोकप्रिय भजन गायक रामदेव गहलोत, मास्टर नानू तथा संदीप राजस्थानी भी बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे।
अलौकिक श्रृंगार और पुष्प वर्षा रहेगी मुख्य आकर्षण: मंडल के सदस्य यश माहेश्वरी, पंकज गुप्ता एवं मुकेश गोयल ने बताया कि महोत्सव के दौरान बाबा श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी और अलौकिक व नयनाभिराम श्रृंगार किया जाएगा। बाबा को छप्पन भोग एवं सवामणी का भोग अर्पित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए केसर की होली, इत्र वर्षा तथा भव्य पुष्प वर्षा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी बाबा श्याम की हीरे-मोतियों से विशेष नजर उतारी जाएगी और महाआरती के पश्चात ये हीरे-मोती उपस्थित भक्तों में प्रसाद स्वरूप वितरित किए जाएंगे। आयोजक मंडल ने बीकानेर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस पावन भक्ति संध्या में सपरिवार सम्मिलित होकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।

