'रंगरूड़ौ राजस्थान' का भव्य समापन आज, 40 फीट मूंछ और विश्व की सबसे बड़ी पगड़ी रहेंगी आकर्षण

ट्रिपल एस ओ न्यूज, लूणकरनसर, 2 अगस्त। पंडित जी फाउंडेशन फॉर कल्चरल हेरिटेज ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित पाँच दिवसीय राजस्थानी सांस्कृतिक महोत्सव 'रंगरूड़ौ राजस्थान' का भव्य समापन रविवार को श्री हनुमान मंदिर प्रांगण, लूणकरनसर में शाम 5:00 बजे होगा। यह आयोजन राजस्थानी भाषा, लोककला, संस्कृति एवं गौरवशाली विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी तक उसके संस्कार पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

'रंगरूड़ौ राजस्थान' का भव्य समापन आज, 40 फीट मूंछ और विश्व की सबसे बड़ी पगड़ी रहेंगी आकर्षण
'रंगरूड़ौ राजस्थान' का भव्य समापन आज, 40 फीट मूंछ और विश्व की सबसे बड़ी पगड़ी रहेंगी आकर्षण

कार्यक्रम संयोजक राम शर्मा ने बताया कि समापन समारोह में राजस्थान की लोक संस्कृति की रंगारंग झलक देखने को मिलेगी। लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत किया जाएगा।

ट्रस्ट के संस्थापक स्वरूप पंचारिया ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात इतिहासकार राजवीर सिंह चलकोई होंगे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. हरिमोहन सारस्वत 'रूंख', डॉ. गजादान चारण 'शक्तिसुत', राज बिजारणीया, देवीलाल महीया, छैलू चारण, रामजी लाल घोड़ेला एवं ओंकारनाथ योगी सहित अनेक साहित्यकार, लोक कलाकार और संस्कृति प्रेमी शामिल होंगे। आयोजन में राजस्थानी मोटियार परिषद, बीकानेर का भी विशेष सहयोग रहेगा।

समारोह के मुख्य आकर्षणों में 40 फीट लंबी मूंछों की प्रदर्शनी, विश्व की सबसे बड़ी पगड़ी का प्रदर्शन, राजस्थानभर से आए कलाकारों की राजस्थानी साफ़ा प्रतियोगिता, राजस्थानी संस्कृति सम्मान समारोह तथा मनमोहक लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों और संस्कृति प्रेमियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। पुरुषों से धोती-कुर्ता एवं राजस्थानी साफ़ा तथा महिलाओं से पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में आने का आग्रह किया गया है।

आयोजकों के अनुसार 'रंगरूड़ौ राजस्थान' केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि राजस्थानी अस्मिता, लोक संस्कृति और गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक जनआंदोलन है। समापन समारोह को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.