ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। धरणीधर मंदिर के पास श्रीरामसर रोड पर पिछले करीब एक सप्ताह से पेयजल पाइपलाइन फटी हुई है, जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़कों पर बहकर व्यर्थ हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में जलदाय विभाग को कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
![]() |
| एक सप्ताह से फटी पड़ी पेयजल पाइपलाइन, हजारों लीटर पानी हो रहा बर्बाद |
क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक ओर प्रदेश में जल संरक्षण की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार विभाग की लापरवाही के कारण बहुमूल्य पेयजल लगातार बर्बाद हो रहा है। पाइपलाइन से लगातार रिसाव होने के कारण सड़क पर पानी भर रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि जलदाय विभाग तुरंत मौके पर टीम भेजकर पाइपलाइन की मरम्मत करवाए ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और आमजन को राहत मिल सके।
यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने और उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के लिए मजबूर होंगे।

