ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। खेल प्रतिभाओं को केवल मैदान तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन, बीकानेर एक ऐतिहासिक पहल करने जा रहा है। संस्था द्वारा जल्द ही राष्ट्रीय स्तर का विशेष कार्यक्रम "मिशन प्ले टू प्रोफेशन – खेल से करियर तक" आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के प्रतिष्ठित खेल विशेषज्ञ, ओलंपियन, पैरालंपियन और वरिष्ठ अधिकारी एक ही मंच पर युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे।
![]() |
| खेल बनेगा करियर का सबसे बड़ा मंच, बीकानेर में होगा राष्ट्रीय स्तर का ‘मिशन प्ले टू प्रोफेशन – खेल से करियर तक’ |
संस्था की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि भारत में हजारों प्रतिभाशाली खिलाड़ी केवल सही जानकारी, उचित मार्गदर्शन और अवसरों की कमी के कारण अपने सपनों को साकार नहीं कर पाते। ऐसे में यह कार्यक्रम खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों और शारीरिक शिक्षकों के लिए एक ऐसा मंच बनेगा, जहाँ खेलों से जुड़े हर महत्वपूर्ण प्रश्न का उत्तर विशेषज्ञों से सीधे प्राप्त होगा।
इस मेगा कार्यक्रम में ओलंपियन, पैरालंपियन, अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी, अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय कोच, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के विशेषज्ञ, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, खेल वैज्ञानिक, स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन एक्सपर्ट, विश्वविद्यालयों के खेल निदेशक तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सहभागिता करेंगे। विशेषज्ञ प्रतिभागियों को स्पोर्ट्स कोटा, छात्रवृत्तियां, उच्च शिक्षा, सरकारी नौकरियां, स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, फिटनेस इंडस्ट्री, खेल पत्रकारिता, खेल प्रशासन, खेल उद्यमिता तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय करियर के अवसरों पर विस्तृत जानकारी देंगे।
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन इससे पहले "रिश्तों की राह – दो कदम अपनों के संग" फैमिली वॉकाथॉन तथा "नशा मुक्त भारत अभियान" जैसे सफल सामाजिक अभियानों का आयोजन कर हजारों लोगों को सकारात्मक संदेश से जोड़ चुका है। इन्हीं सफल प्रयासों की अगली कड़ी के रूप में अब संस्था खेलों के माध्यम से युवाओं के भविष्य को नई उड़ान देने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में 1000 से अधिक खिलाड़ी, विद्यार्थी, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं शारीरिक शिक्षक भाग लेंगे। यह आयोजन केवल एक सेमिनार नहीं, बल्कि युवाओं के लिए खेलों में उपलब्ध अवसरों का व्यापक मार्गदर्शन अभियान होगा। कार्यक्रम की तिथि, स्थान एवं विशिष्ट अतिथियों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
निशा लिम्बा ने कहा कि "खेल केवल मेडल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त पाठशाला है। यदि प्रतिभा को सही दिशा और सही मंच मिल जाए तो वही खिलाड़ी देश का गौरव बनता है।"
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन का लक्ष्य है कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को सही मार्गदर्शन मिले, हर युवा अपने सपनों को पहचान सके और खेल को एक सम्मानजनक एवं सफल करियर के रूप में अपनाने का आत्मविश्वास प्राप्त करे।

