अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर बीकानेर देगा एकता का संदेश, “रिश्तों की राह” को मिला Fit India का साथ

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। छोटी काशी बीकानेर में इस बार अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि रिश्तों, अपनत्व और पारिवारिक एकता का उत्सव बनने जा रहा है। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित “रिश्तों की राह: दो कदम अपनों के संग” अभियान अब शहर में जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है, जिसमें समाज के हर वर्ग का सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर बीकानेर देगा एकता का संदेश, “रिश्तों की राह” को मिला Fit India का साथ
अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर बीकानेर देगा एकता का संदेश, “रिश्तों की राह” को मिला Fit India का साथ


इसी क्रम में नमस्ते भारत की निदेशक असमा नाज ने दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के साथ बैठक कर बीकानेर में अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस को विशेष रूप से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान परिवारों को एक साथ जोड़ने, फिटनेस को बढ़ावा देने और सामाजिक एकता का संदेश देने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम को अब Fit India Mission का भी समर्थन प्राप्त हुआ है। आयोजन के लिए Fit India का आधिकारिक लोगो मिलने से टीम में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे यह पहल अब राष्ट्रीय फिटनेस अभियान से भी जुड़ गई है।

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि आज लोग सोशल मीडिया और व्यस्त जीवनशैली में इतने उलझ चुके हैं कि परिवारों के साथ समय बिताना कम होता जा रहा है। ऐसे समय में “रिश्तों की राह” लोगों को अपने परिवार के साथ चलने, मुस्कुराने और रिश्तों को फिर से महसूस करने का अवसर देगा।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि इसे पूरी तरह बीकानेर की युवा टीम आगे बढ़ा रही है। युवा शक्ति शहर के स्कूलों, कॉलेजों, खेल संस्थानों और सामाजिक संगठनों तक पहुंचकर लोगों को इस मुहिम से जोड़ रही है।

इस अवसर पर टीम के सदस्य रुद्राक्ष, साक्षी राठौड़, निशा सहारण, कुसुम, हिताशा रावत, अभिषेक, प्रेक्षा और इंदु वर्मा उपस्थित रहे और सभी आयोजन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

15 मई को भ्रमण पथ में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अब केवल एक वॉक नहीं, बल्कि परिवार, फिटनेस, संस्कार और सामाजिक एकता को जोड़ने वाला एक प्रेरणादायक अभियान बनता जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.