डॉ. दीप्ति वाहल पुनः प्रांतीय अध्यक्ष बनीं, दायित्व ग्रहण समारोह सम्पन्न, राजस्थान उत्तर प्रांत ने 2000 परिवार जोड़ने का लिया संकल्प

ट्रिपल एस ओ न्यूज, देशनोक। राजस्थान उत्तर प्रांत का दायित्व ग्रहण एवं शाखा सम्मान समारोह रविवार, 3 मई 2026 को श्री करणी इकाई देशनोक के आतिथ्य में भूरा पंचायत संस्था, देशनोक में आयोजित किया गया।

डॉ. दीप्ति वाहल पुनः प्रांतीय अध्यक्ष बनीं, दायित्व ग्रहण समारोह सम्पन्न, राजस्थान उत्तर प्रांत ने 2000 परिवार जोड़ने का लिया संकल्प
डॉ. दीप्ति वाहल पुनः प्रांतीय अध्यक्ष बनीं, दायित्व ग्रहण समारोह सम्पन्न, राजस्थान उत्तर प्रांत ने 2000 परिवार जोड़ने का लिया संकल्प


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जोबनेर पशु विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. त्रिभुवन शर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. त्रिभुवन शर्मा ने प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दीप्ति वाहल, प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय जिंदल तथा प्रांतीय वित्त सचिव श्री पुरुषोत्तम सोनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने सेवा, त्याग और समर्पण के भाव से कार्य करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने भारत विकास परिषद के मूल उद्देश्यों—संपर्क, सहयोग, सेवा, संस्कार और समर्पण—पर प्रकाश डालते हुए संगठनात्मक कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रांतीय संरक्षक श्री नृत्य गोपाल मित्तल द्वारा स्वागत भाषण से हुई। क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव श्री विनोद सेन ने संस्कार प्रकल्पों की जानकारी दी, वहीं राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य श्री विनोद आढ़ा ने राष्ट्रीय स्तर की सात प्रमुख गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के सुझाव दिए।

प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय जिंदल ने गत वर्ष की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा प्रांतीय वित्त सचिव श्री पुरुषोत्तम सोनी ने आय-व्यय का विवरण रखा।

प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दीप्ति वाहल ने अपने उद्बोधन में कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए नए सत्र में अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान मीरा शाखा की श्रीमती रजनी कालरा ने मरणोपरांत अपनी देह मेडिकल कॉलेज बीकानेर को शोध हेतु दान करने की घोषणा की, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

इस अवसर पर विभिन्न शाखाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही ‘विकास रत्न’ और ‘विकास मित्र’ को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए तथा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र भेंट किए गए।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय संयोजक (संस्कार) श्री रितेश अरोड़ा, प्रांतीय समन्वयक श्रीमती शशि चुग, प्रांतीय संयोजक (महिला सहभागिता) श्रीमती छवि गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय जिंदल एवं श्री अनिल टुटेजा ने संयुक्त रूप से किया। अंत में करणी इकाई के शाखा अध्यक्ष श्री विनोद भूरा ने आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.