ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। बीकानेर नगर स्थापना दिवस के अवसर पर विधायक सेवा केंद्र की ओर से आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत शुक्रवार को हुई। कार्यक्रम के तहत लक्ष्मीनाथ मंदिर स्थित गढ़ गणेश मंदिर में विधायक जेठानंद व्यास ने पूजा-अर्चना कर शहर में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
![]() |
विधायक व्यास ने बताया कि बीकानेर का 539वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। विधायक सेवा केंद्र द्वारा 'नगर थरपणा उछब' के रूप में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई और प्रसाद का वितरण भी किया गया।
देर रात तक चला कवि सम्मेलन
कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत देर रात चौक में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक दीपक पारीक ने बताया कि सम्मेलन में बाबूलाल छंगाणी , मोनिका गोद, संजय आचार्य वरुण विप्लव व्यास, मनीषा आर्य सोनी, आनंद मस्ताना, शेरूदान चारण तथा हरिशंकर आचार्य सहित कवियों ने देशभक्ति, संस्कृति और बीकानेर की विरासत पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वीणा जोशी के निर्देशन में बालिकाओं ने कत्थक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी तथा गणेश वंदना भी प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर पंडित नथमल पुरोहित, जुगल किशोर ओझा पुजारी बाबा, भूतनाथ छंगाणी ईश्वर चंद, राज भारती, माहेश्वरी सेवा समिति, पुष्करणा महिला मंडल, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लोकजीत आचार्य वंशिका आचार्य, लोकतंत्र सेनानी केदार अग्रवाल, ‘रमक-झमक’ के प्रहलाद ओझा, उषा कंवर तथा राहुल जोशी का सम्मान किया गया।
सह-संयोजक आशा आचार्य ने बताया कि विधायक सेवा केंद्र द्वारा लगातार तीसरे वर्ष इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन राजा सांखी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।

