ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 11 अप्रेल। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेड़कर की विचारधारा से जन सामान्य को अवगत एवं जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती से हुई।
![]() |
| महात्मा फुले जयंती से बीकानेर में चार दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत, बाबा साहेब के विचारों से जागरूकता अभियान |
इस अवसर पर जयनारायण व्यास कॉलोनी रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय स्तरीय आर्थिक पिछड़ा वर्ग छात्रावास में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने डॉ. अंबेडकर और ज्योतिबा फुले के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलित कर इसकी शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले सामाजिक चेतना और बालिका शिक्षा के अग्रदूत थे। ऐसे महापुरुषों के सिद्धांतों और आदर्शों का हमें अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 11 से 14 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी सरकार के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक बाबा साहेब के सिद्धांतों को पहुंचाया जा सके। जिला कलेक्टर ने यहां आवासित बालिकाओं से बातचीत की और जीवन में आशातीत सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सीख दी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री एलडी पंवार ने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संविधान को जाने-ऑन लाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। सोमवार को जिला व ब्लॉक स्तर पर स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता, बाबा साहेब के सामाजिक न्याय दर्शन एवं उनके जीवन पर आधारित संगोष्ठी, बाबा साहेब के जीवन वृत्त पर व्याख्यान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 14 अप्रैल को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर डॉ. अम्बेड़कर जयंती के समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर अम्बेड़कर सर्किल पर प्रातः 8 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री दिनेश दान चारण, छात्रावास अधीक्षक श्रीमती चंदा वाल्मीकि, सुश्री जसोदा बिश्नोई, प्रशासनिक अधिकारी मुकेश भाटी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के पश्चात उपखंड अधिकारी और प्रशिक्षु आईएएस ने पौधारोपण किया।

