ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर । नाल गांव में पारंपरिक आस्था और उल्लास के साथ गणगौर महोत्सव का भव्य समापन हुआ। होलिका दहन के पश्चात प्रारंभ हुआ यह उत्सव पूरे 15 दिनों तक श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया, जिसमें गांव की बालिकाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
![]() |
| नाल में गणगौर उत्सव का भव्य समापन, तलाई पर जल अर्पण के साथ उमड़ा उत्साह |
इस दौरान घर-घर में ईश्वर गणगौर की पूजा-अर्चना की गई और रात्रि में भजन-कीर्तन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिससे पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा।
समापन अवसर पर गांव की महिलाएं और बालिकाएं पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए ग्राम नाल की बड़ी तलाई पहुंचीं। यहां उन्होंने गणगौर माता को जल अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि गांव की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता का भी सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।

