ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 12 मार्च। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री सुरेश कुमार यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLCC/DLRC) की दिसंबर तिमाही की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम प्रशासन श्री सुरेश कुमार यादव ने बैंकों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बैंक एवं विभागों के बेहतर समन्वय से जिले में आर्थिक गतिविधियों को और अधिक गति मिल सकती है तथा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक शीघ्र पहुंचाया जा सकता है।
![]() |
बैठक के दौरान अग्रणी जिला बैंक के मुख्य प्रबंधक श्री लक्ष्मण राम मोडासिया ने जिले में बैंकिंग गतिविधियों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 26,255.40 करोड़ रुपये तथा कुल ऋण 28,678.36 करोड़ रुपये रहा। इस प्रकार जिले का साख-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) 109.23 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो जिले में बैंकिंग क्षेत्र की सक्रियता को दर्शाता है।
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित-आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, पीएम अजय योजना, जन सुरक्षा अभियान तथा ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) की गतिविधियों सहित विभिन्न सरकार प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
युवा वर्ग मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में करें आवेदन
बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि 18-45 आयु वर्ग के लोग मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में आवेदन करें। जिसमें 8 वीं पास व्यक्ति को सेवा व व्यापार के लिए साढ़े 3 लाख और निर्माण के लिए 7 लाख तक का ऋण दिया जा रहा है। जिसमें ब्याज अनुदान सौ फीसदी और 10 फीसदी कैपिटल सब्सिडी है। 12 वीं या आईटीआई पास को सेवा व व्यापार के लिए 5 लाख और निर्माण के लिए 10 लाख का ऋण दिया जा रहा है। एडीएम प्रशासन ने युवाओं से इस योजना का लाभ लेने की अपील की।
बैंक अधिकारियों को दी साइबर अपराध रोकने व डिजिटल सेवा कार्ड के बारे में जानकारी
इससे पूर्व बैठक के दौरान साइबर सेल प्रभारी श्री रमेश कुमार ने साइबर सेल और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा साइबर अपराध की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी डिजिटल सेवा कार्ड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे आमजन को ऑनलाइन सेवाओं का सुरक्षित और त्वरित लाभ मिल सकेगा।बैठक के अंत में अग्रणी जिला बैंक कार्यालय द्वारा सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ श्री विंध्याचल सिंह, जीएम डीआईसी श्री सुरेन्द्र कुमार, नाबार्ड डीडीएम श्री रमेश तम्बिया, राजीविका डीपीएम श्री दिनेश कुमार मिश्रा, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री नवीन साहू, एसबीआई के मुख्य प्रबंधक श्री मनोज सेन, आरसेटीआई निदेशक श्री रुपेश शर्मा सहित जिले में कार्यरत विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

