शनिवार से होंगे राजस्थान दिवस समारोह के तहत कार्यक्रम, रविवार को होगी विकसित राजस्थान रन ,तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 12 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर इस वर्ष भी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाया जाएगा। इसी क्रम में जिले में 14 से 19 मार्च तक राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शनिवार से होंगे राजस्थान दिवस समारोह के तहत कार्यक्रम, रविवार को होगी विकसित राजस्थान रन ,तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक
शनिवार से होंगे राजस्थान दिवस समारोह के तहत कार्यक्रम, रविवार को होगी विकसित राजस्थान रन ,तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक


जिला कलेक्टर ने 15 मार्च को आयोजित होने वाली ‘विकसित राजस्थान रन’ के लिए प्रतिभागियों की संख्या, व्यवस्थाओं और जनसहभागिता बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूर्ण करें।

जिला कलेक्टर ने 19 मार्च को आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों को अधिक से अधिक अवसर देने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा, ताकि राजस्थान दिवस सप्ताह के सभी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत 14 मार्च से सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत होगी। 15 मार्च को ‘विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर ‘राजस्थान को जानें’ डिजिटल क्विज प्रतियोगिता तथा कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। रन के लिए जिला खेल अधिकारी, डिजिटल क्विज के लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक तथा निबंध प्रतियोगिता के लिए सहायक निदेशक, कॉलेज शिक्षा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही ‘एक जिला, एक उत्पाद’ प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक को प्रभारी बनाया गया है।

16 मार्च को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। 17 मार्च को राजस्थान युवा शक्ति दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दिन राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए जिला रोजगार अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य के नेतृत्व में ‘राजस्थान को जानें’ क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। शाम 5 बजे राज्य स्तर पर उद्योगपतियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी होगा।

18 मार्च को किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर भरतपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि शाम 5 बजे मंदिरों में आरती और दीपदान किया जाएगा।

19 मार्च को राजस्थान दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम जालौर में होगा, जबकि जिला स्तरीय कार्यक्रम पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त अपर्णा गुप्ता, अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) रमेश देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे पूर्ण गंभीरता और समन्वय के साथ राजस्थान दिवस सप्ताह के आयोजनों को सफल बनाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.