ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। बीकानेर शहर के वार्ड नंबर 42 स्थित सर्वोदय बस्ती में सीवर लाइन जाम होने के कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। पिछले कई दिनों से सीवर का गंदा पानी गलियों में जमा हो रखा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गली में आने-जाने तक की जगह नहीं बची है और घरों के आगे गंदा पानी भरा हुआ है।
![]() |
| बीकानेर के वार्ड 42 सर्वोदय बस्ती में सीवर लाइन जाम, गंदे पानी से लोगों का जीना दूभर |
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन ब्लॉक होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल गया है, जिससे पूरे इलाके में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है। मोहल्ला वासियों को मजबूरी में इसी बदबू और गंदे पानी के बीच रहना पड़ रहा है।
क्षेत्र के नमाजियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मस्जिद जाने के लिए उन्हें सीवर के गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे लोगों में काफी नाराजगी है।
मोहल्ला वासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सीवर लाइन की सफाई कर दी जाए तो इस समस्या से राहत मिल सकती है।
वार्ड निवासी शाहरुख खान ने बताया कि यदि नगर निगम प्रशासन जल्द इस समस्या का समाधान नहीं करता है, तो क्षेत्र के लोग मजबूर होकर जिला कलेक्टर के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सीवर लाइन की सफाई करवाकर लोगों को राहत देने की मांग की है।

