खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के आदेशानुसार तथा अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) और राजस्थान फुटबॉल संघ के निर्देशन में बीकानेर फुटबॉल क्लब द्वारा स्थानीय चैन सिंह स्टेडियम फुटबॉल मैदान पर खेलो इंडिया ट्राइबल नेशनल गेम्स 2026 के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ


उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि चक्रवर्ती सिंह राठौड़, एडिशनल एसपी, बीकानेर शहर रहे। विशिष्ट अतिथियों में मेघ सिंह राठौड़ (संरक्षक, जिला फुटबॉल संघ बीकानेर), रहमत अली (उपाध्यक्ष, डीएफए बीकानेर), दानवीर सिंह भाटी (पूर्व कप्तान, राजस्थान बास्केटबॉल टीम), मुदित खजांची (युवा अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय वैशय महासम्मेलन एवं उपाध्यक्ष, जीतो–जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन), कोच रोशन अली एवं पूर्व खिलाड़ी मदन खरखोदिया उपस्थित रहे।


एडिशनल एसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ ने कहा कि खेल यदि युवाओं की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बन जाए तो वे गलत मार्ग पर नहीं जाते। वहीं मुदित खजांची ने कहा कि आज का युवा नशे की ओर बढ़ रहा है, जिसे सही दिशा में लाने का सबसे सशक्त माध्यम खेल है। सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक जागरूकता ला रही है।


आयोजन सचिव भैरूरतन ओझा ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। सुबह 8 बजे खेले गए पहले मैच में मध्यप्रदेश ने मेजबान राजस्थान को 8–0 से पराजित किया। मध्यप्रदेश की ओर से रोहन व तरुण ने 2–2, जबकि अभिमन्यु, प्रणीत, मोनिल एवं कुलदीप ने 1–1 गोल किया।


दूसरा मुकाबला दोपहर 3:30 बजे गुजरात और तेलंगाना के बीच खेला गया, जिसमें गुजरात ने तेलंगाना को 6–1 से हराया। गुजरात की ओर से जयनित ने चार तथा राहुल ने दो गोल किए, जबकि तेलंगाना की ओर से एकमात्र गोल कल्याण ने किया।


आयोजन से जुड़े उमेश सिंह शेखावत ने बताया कि मैचों में निर्णायक की भूमिका अरुण हसन्दा (बिहार), बजरंग चौहान (आईएफए), अमन सूदन (जम्मू एवं कश्मीर) एवं पंकज सिंह (दिल्ली) ने निभाई।


इस अवसर पर अमर सिंह राठौड़, प्रताप सिंह राजवी, देवेंद्र सिंह भाटी, राहुल ओझा, गौतम ओझा, यशवर्धन राजपुरोहित, धर्मवीर सिंह, भरत ओझा, आदित्य सैन, पंकज शर्मा, सुजल, जसवंत सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.