SJPS के विद्यार्थियों का STSE 2025 में शानदार प्रदर्शन

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल कर रहे श्री जैन पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय दिया है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान, अजमेर द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतिभा खोज परीक्षा – STSE 2025 में विद्यालय के दो होनहार विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर विद्यालय, अभिभावकों एवं समूचे शिक्षा जगत को गौरवान्वित किया है।

SJPS के विद्यार्थियों का STSE 2025 में शानदार प्रदर्शन
SJPS के विद्यार्थियों का STSE 2025 में शानदार प्रदर्शन

यह परीक्षा 16 नवम्बर 2025 को प्रदेशभर में आयोजित की गई थी, जिसमें हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में कक्षा 10वीं के छात्र पुलकित कोचर (पुत्र श्री किशोर कोचर) ने 180 में से 159 अंक (88.33%) प्राप्त कर राजस्थान में चतुर्थ स्थान हासिल किया। वहीं मुदित बोथरा (पुत्र श्री सुमित बोथरा) ने 180 में से 145 अंक (80.56%) अर्जित कर राज्य स्तर पर 18वां स्थान प्राप्त किया।

दोनों विद्यार्थियों की इस सफलता को विद्यालय के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। यह परिणाम न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा और कठिन परिश्रम को दर्शाता है, बल्कि विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण, अनुशासित अध्ययन पद्धति एवं योग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी प्रमाण है।

छात्रवृत्ति एवं सम्मान

इस उल्लेखनीय सफलता के उपलक्ष्य में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों को विशेष योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उनकी शैक्षणिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु

  • कक्षा 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई के लिए ₹1250/- प्रतिमाह,

  • तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई के लिए ₹2000/- प्रतिमाह
    की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।

सफलता का श्रेय गुरुजनों व अभिभावकों को

विद्यार्थियों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग, गुरुजनों के मार्गदर्शन एवं विद्यालय में करवाए गए नियमित विशेष अभ्यास कार्य, मार्गदर्शन कक्षाओं एवं अनुशासित अध्ययन वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, समय प्रबंधन और शिक्षकों का सकारात्मक सहयोग उनकी सफलता की कुंजी रहा।

विद्यालय प्रबंधन की प्रतिक्रिया

विद्यालय के शाला अध्यक्ष श्री विजय कुमार कोचर, सचिव सीए माणक कोचर, सीईओ श्रीमती सीमा जैन एवं प्रधानाचार्या श्रीमती रूपाश्री सिपानी ने दोनों विद्यार्थियों को उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यालय के प्रत्येक शिक्षक एवं विद्यार्थी के लिए प्रेरणास्रोत है।

प्रधानाचार्या श्रीमती रूपाश्री सिपानी ने अपने संदेश में कहा कि “पुलकित कोचर एवं मुदित बोथरा की यह सफलता अनुशासन, परिश्रम एवं सही दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है। हमें पूर्ण विश्वास है कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी इसी समर्पण भाव से आगे बढ़ते हुए उच्चतम उपलब्धियाँ हासिल करेंगे।”

विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि इस सफलता से अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होकर मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे और विद्यालय का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.