खिंयेरा में तीन दिवसीय बाबा रामदेव मेला संपन्न, कुश्ती दंगल बना मुख्य आकर्षण

ट्रिपल एस ओ न्यूज, सुरनाणा-लूणकरनसर। उपखंड क्षेत्र के भंडाण ग्राम पंचायत अंतर्गत खिंयेरा गांव में आयोजित तीन दिवसीय बाबा रामदेव मेले का समापन रविवार को भव्य कुश्ती दंगल के साथ हुआ। मेले के अंतिम दिन श्रद्धा, संस्कृति और खेल का अद्भुत संगम देखने को मिला। आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु खिंयेरा पहुंचे और बाबा रामदेव मंदिर परिसर में धोक लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि व मनोकामना की कामना की।


खिंयेरा में तीन दिवसीय बाबा रामदेव मेला संपन्न, कुश्ती दंगल बना मुख्य आकर्षण


मेले के दौरान धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। मंदिर परिसर और बाजार क्षेत्र में मेले की रौनक रही, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक वस्तुओं की खरीदारी की और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक उत्साह का माहौल नजर आया।

कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम

मेले का मुख्य आकर्षण रहा भव्य कुश्ती दंगल, जिसमें क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि दूर-दराज से आए नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए छगन बेगड़ ने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर मेला केसरी का खिताब अपने नाम किया।
वहीं सोनू जैतसर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए युवा केसरी का ताज हासिल किया, जबकि श्रीगंगानगर के सुमित कुमार ने बेहतरीन खेल का परिचय देकर बाल केसरी का खिताब जीता। लूणकरनसर के जेठाराम राजपुरिया ने भी प्रभावशाली कुश्ती दिखाकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

विजेताओं को मिला सम्मान

दंगल के विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को बाबा रामदेव मेला कमेटी खिंयेरा की ओर से नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कुश्ती दंगल कमेटी के किसनाराम भादु और ओमप्रकाश भादू ने आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

सुरक्षा व व्यवस्थाएं रहीं चाक-चौबंद

मेले के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के जवान तैनात रहे। वहीं मेला कमेटी के सदस्य और कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे। प्रतियोगिता की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पीटीआई भी पूरे समय उपस्थित रहा।

कुश्ती दंगल देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक मैदान में उमड़े। इस अवसर पर मेला कमेटी के कालूराम गोदारा, विजय गोदारा, रामलाल जांगू, धर्मपाल ज्याणी, सतपाल गोदारा, मघाराम, रामदयाल पीटीआई सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.