मोखां ग्राम पंचायत को मिला न्याय, सांसद सेवा केंद्र पर जताया आभार

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। मोखां ग्राम पंचायत से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे प्रशासनिक एवं जनहित के प्रकरण में आखिरकार न्याय मिलने के बाद मोखां गांव में संतोष और खुशी का माहौल देखने को मिला। इस महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय के लिए मोखां गांव के ग्रामीणों ने सांसद सेवा केंद्र पहुंचकर केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल के पुत्र रवि शेखर मेघवाल से मुलाकात की और उनका आभार व्यक्त किया।

मोखां ग्राम पंचायत को मिला न्याय, सांसद सेवा केंद्र पर जताया आभार
मोखां ग्राम पंचायत को मिला न्याय, सांसद सेवा केंद्र पर जताया आभार

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में प्रकाशित अधिसूचना में ग्राम पंचायत मुख्यालय हाडलां रावलोतान को बनाए जाने से मोखां गांव के लोगों में गहरी नाराज़गी और असंतोष व्याप्त था। ग्रामीणों का कहना था कि यह निर्णय न तो भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप था और न ही जनसंख्या, पहुंच तथा प्रशासनिक सुविधाओं की दृष्टि से उपयुक्त। इसी के चलते मोखां के नागरिकों ने लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से न्याय की लड़ाई शुरू की।

इस संघर्ष को संगठित और सशक्त रूप देने के लिए मोखां न्याय मंच का गठन किया गया, जिसने लगातार ज्ञापन सौंपे, जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया और प्रशासनिक स्तर पर अपनी बात मजबूती से रखी। लंबे समय तक चले इस शांतिपूर्ण और जनहितकारी संघर्ष का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि सरकार ने पूर्व अधिसूचना में संशोधन करते हुए मोखां खालसा को ग्राम पंचायत मुख्यालय घोषित कर दिया।

सांसद सेवा केंद्र पर आयोजित इस मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि यह निर्णय केवल एक प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि मोखां गांव की जनता की भावनाओं, सम्मान और अधिकारों की जीत है। ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह संघर्ष भले ही लंबा और चुनौतीपूर्ण रहा हो, लेकिन अंततः सत्य, धैर्य और जनभावना की विजय हुई।

आभार व्यक्त करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में भाजपा मंडल महामंत्री एवं मोखां न्याय मंच के अध्यक्ष रामरतन पंवार, सचिव रामकिशन सियाग, मोहनलाल सुथार, गोपीराम भंवर सुथार, प्रहलाद दान, संतुदास, अमोलखराम, कुंभाराम जाट, रामधन सियाग, सोहनलाल कडेला, अलसीराम, गंगादास, स्वरूपाराम राणा, पूनमचंद पंवार, भंवरलाल बांदड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि मोखां को ग्राम पंचायत मुख्यालय बनाए जाने से क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलेगी, ग्रामीणों को प्रशासनिक सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध होंगी और वर्षों से चली आ रही असुविधाओं का अंत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय पूरी तरह से जनभावनाओं के अनुरूप और न्यायसंगत है।

ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सकारात्मक हस्तक्षेप से मोखां गांव को उसका अधिकार मिला। साथ ही रवि शेखर मेघवाल द्वारा ग्रामीणों की बात को गंभीरता से सुनने और उसे उचित मंच तक पहुंचाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.