गोमा देवी चमड़िया फाउंडेशन और रोटरी रॉयल्स के सहयोग से कंचन बनीं इंटरनेशनल प्लेयर

ट्रिपल एस ओ न्यूज़, बीकानेर, 9 सितंबर।बीकानेर की बेटी कंचन बन ने पैरा टेबल टेनिस में नया इतिहास रचते हुए टोक्यो में होने वाले ITTF World Para Future Tokyo 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया है। कंचन बन ने मध्यप्रदेश के इंदौर में 3 से 5 सितंबर तक आयोजित UTT 1st नेशनल पैरा रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2025–26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता और इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन टोक्यो में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। वह 8 सितंबर को दिल्ली से रवाना होकर 9 सितंबर को टोक्यो पहुंच चुकी हैं। यहां 10 से 12 सितंबर तक प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें भाग लेने से पहले उनका क्लासिफिकेशन होगा।

गोमा देवी चमड़िया फाउंडेशन और रोटरी रॉयल्स के सहयोग से कंचन बनीं इंटरनेशनल प्लेयर
गोमा देवी चमड़िया फाउंडेशन और रोटरी रॉयल्स के सहयोग से कंचन बनीं इंटरनेशनल प्लेयर

कंचन बन के पिता सुरेंद्र बन ने बताया कि बेटी की इस सफलता से परिवार और शहर का गौरव बढ़ा है। प्रतियोगिता में कंचन का कोई व्यक्तिगत कोच नहीं है और राजस्थान से वह अकेली खिलाड़ी हैं, जबकि अन्य राज्यों से प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और जुनून के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

कंचन की इस अंतरराष्ट्रीय यात्रा और उनके प्रशिक्षण में सहयोग देने के लिए गोमा देवी चमड़िया फाउंडेशन ट्रस्ट और रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स आगे आए हैं। दोनों संस्थाओं ने संयुक्त रूप से दो लाख रुपये का आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराकर कंचन को नियमित कोचिंग और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों का अवसर प्रदान किया है। इस सहयोग को निरंतर जारी रखते हुए प्रतिभा को और प्रोत्साहन देने का आश्वासन भी दिया गया है।

गौरतलब है कि पैरा टेबल टेनिस में खिलाड़ियों का चयन डायरेक्ट एंट्री के आधार पर होता है। इस अवसर पर Para Table Tennis Promotion Association के अध्यक्ष ओम सोनी और Table Tennis Federation of India की अध्यक्ष मेघना आहलावत ने कंचन के खेल और उनके चयन पर खुशी जताई। बीकानेर की इस प्रतिभाशाली बेटी से देशभर के खेलप्रेमियों को टोक्यो में पदक जीतने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.