ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। अलसुबह हुई बारिश के बावजूद बच्चों के खेल उत्साह में कोई कमी नहीं आई। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन (डीएसएफ) की साप्ताहिक पहल 'संडे स्पोर्ट्स लैब' के तहत लिलीपोंड के पास सुबह 6:15 बजे आयोजित सत्र में 70 बच्चों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।
![]() |
| बारिश भी न डिगा सकी बच्चों का हौसला, 'संडे स्पोर्ट्स लैब' में जुटे 70 युवा खिलाड़ी |
इस सत्र में अनोखी 'हँसी प्रतियोगिता' आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें रघु और शम्मा विजेता रहे। कार्यक्रम में कलाकार दिशा कुमावत व पलक गहलोत ने भी शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों को फुटबॉल और बास्केटबॉल की पासिंग ड्रिल्स के जरिए टीम वर्क सिखाया गया। नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देते हुए डीएसएफ टीम की नई सदस्य प्रतिष्ठा ने पहली बार रनिंग और एक्सरसाइज सत्र का सफल संचालन किया।
20 दिसंबर को होगा 'उड़ान' कार्यक्रम
फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने आगामी 20 दिसंबर को आयोजित होने वाले 'उड़ान– मिशन प्ले टू प्रोफेशन' की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहर 1:00 बजे से महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के संत मीराबाई सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम में फिट इंडिया के ब्रांड एम्बेसडर एवं आईआरएस अधिकारी नरेंद्र यादव सहित कई ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी युवाओं को खेल में करियर बनाने का मार्गदर्शन देंगे। आयोजन को सफल बनाने में रवि, कुसुम, हिताशा, निशा, रामनिवास, कोमल और भव्या का सक्रिय योगदान रहा।

