60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 की जिला स्तरीय कार्ययोजना का अनुमोदन

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। जिले में 60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तैयार जिला स्तरीय कार्ययोजना का अनुमोदन जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन द्वारा किया गया। जिला नारको समन्वय समिति की बैठक के दौरान तंबाकू नियंत्रण स्टीयरिंग कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई।

60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 की जिला स्तरीय कार्ययोजना का अनुमोदन
60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 की जिला स्तरीय कार्ययोजना का अनुमोदन


जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने अभियान के तहत निर्धारित समस्त गतिविधियों को विभिन्न विभागों के समन्वय से समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं एवं आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों में सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने कोटपा अधिनियम 2003 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अधिकाधिक संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने तंबाकू नियंत्रण कानून की पालना सुनिश्चित करने के लिए नियमित प्रवर्तन गतिविधियां आयोजित करने पर जोर दिया।

डॉ. रविंद्र गोदारा तथा सामाजिक कार्यकर्ता कमल कुमार पुरोहित ने 60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के गतिविधि कैलेंडर एवं कार्ययोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की।


विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में होंगी जागरूकता गतिविधियां

डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद एवं पोस्टर मेकिंग जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


ग्राम पंचायतों एवं सरकारी-निजी परिसरों को बनाया जाएगा तंबाकू मुक्त

अभियान के तहत जिले की समस्त ग्राम पंचायतों, चिकित्सा संस्थानों तथा सरकारी एवं निजी परिसरों को तंबाकू मुक्त घोषित करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक जागरूकता एवं अनुपालना संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.