ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। छोटी काशी धर्मनगरी बीकानेर के रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि-सिद्धि पैलेस में आगामी 17 दिसंबर से 23 दिसंबर 2026 तक संभाग की सबसे बड़ी श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। वृंदावन के परम पूज्य जगद्गुरु मलूक पीठाधीश्वर श्री राजेंद्र दास देवाचार्य जी महाराज की असीम अनुकंपा एवं कृपा पात्र कथाव्यास श्रद्धेय आचार्य दैवज्ञ श्री डॉ. अश्विनी मिश्र जी महाराज (वृंदावन धाम, मथुरा) के श्रीमुख से कथा का वाचन होगा।
![]() |
| संभाग की सबसे बड़ी श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन 17 से 23 दिसंबर तक |
श्री सत्यनारायण अग्रवाल (अग्रवाल मेडिकल स्टोर) एवं समस्त अग्रवाल परिवार के तत्वावधान में आयोजित होने वाली यह कथा प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चलेगी। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने में श्री श्याम मित्र मंडल, करणी नगर (बीकानेर) द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
भव्य झांकियां और नि:शुल्क बस सेवा आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष कथा को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक व्यापक स्वरूप दिया गया है। कथा स्थल पर बीकानेर के श्रद्धालुओं को श्रीनाथ जी की अलौकिक छवि के दर्शन, भव्य दरबार, फूलों का श्रृंगार, भजन-कीर्तन, इत्र व पुष्प वर्षा तथा छप्पन भोग की विशेष झांकियों का आनंद मिलेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल पंडाल में बैठने की उत्तम व्यवस्था के साथ-साथ शहर के विभिन्न मार्गों से आने-जाने हेतु नि:शुल्क बसों का भी विशेष प्रबंध किया गया है।
21 दिसंबर को होगा भव्य 'श्री श्याम कीर्तन' आयोजन के मध्य 21 दिसंबर को कथा विश्राम के पश्चात श्री श्याम मित्र मंडल अपनी वर्षगांठ भव्य कीर्तन के रूप में मनाएगा। इस अवसर पर पूरे परिसर को श्याम भक्ति के रंग में सजाया जाएगा, जिसमें बाबा श्याम का विशाल दरबार, केसर की होली और इत्र वर्षा मुख्य आकर्षण रहेंगे।
अग्रवाल मेडिकल स्टोर परिवार, श्यामभक्त विनोद गोयल, रिद्धि-सिद्धि रिसॉर्ट एवं श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों के सभी सनातन प्रेमियों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।

