ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। श्रीमाली समाज महिला मंडल के तत्वावधान में शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर स्थानीय महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में भव्य ‘डांडिया महोत्सव’ का आयोजन हर्षोल्लास एवं धूमधाम से किया गया। नारी शक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक गरबा रास के साथ-साथ मनोहारी सजीव झांकियों की विशेष प्रस्तुति दी गई।
![]() |
महालक्ष्मी मंदिर में सजीव झांकियों के साथ डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन सम्पन्न |
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं समाज के वरिष्ठ इतिहासकार जानकीनारायण श्रीमाली ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, "हमें आधुनिकता के साथ आगे बढ़ना चाहिए, परंतु अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं को सदैव हरा-भरा रखना होगा।" उन्होंने समाज के गौरवशाली इतिहास और विद्वानों की परंपरा का उल्लेख करते हुए भावी पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और रीति-रिवाजों को सहेजने का संदेश दिया।
समारोह के विशिष्ट अतिथि, पुष्कर से पधारे अखिल भारतीय श्रीमाली समाज के अध्यक्ष महेंद्र बोहरा ने कहा कि सामाजिक सरोकारों से सक्रिय रूप से जुड़कर ही समाज का वास्तविक उत्थान संभव है। प्रत्येक व्यक्ति के छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास समाज को एक नई और सुदृढ़ दिशा प्रदान करते हैं।
श्रीमाली समाज महिला मंडल की अध्यक्ष इंद्रा दवे ने अपने संबोधन में कहा कि आज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नारी शक्ति अपना परचम लहरा रही है। ऐसे आयोजनों से समाज की महिलाओं का आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ता है। वहीं, समाज अध्यक्ष श्याम श्रीमाली ने कहा कि डांडिया महोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजन धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं।
मंडल की प्रवक्ता एवं सहसचिव डिम्पल श्रीमाली ने जानकारी दी कि महोत्सव में पारंपरिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक डांडिया व गरबा नृत्य कर पूरे प्रांगण को भक्तिमय व उल्लासपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अवनी श्रीमाली द्वारा प्रस्तुत 'महालक्ष्मी' की सजीव झांकी तथा मां दुर्गा की संगीतमय स्तुति रही, जिसने सभी उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया।
प्रतिभाशाली प्रतिभागियों का सम्मान: उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को निर्णायक शिक्षाविद् श्रेया थानवी एवं दिशा पारीक के निर्णय के आधार पर पुरस्कृत किया गया:
- श्रेष्ठ जोड़ी: अभिषेक दवे एवं कामिनी दवे
- उत्कृष्ट परिधान: कंचन श्रीमाली
- नटखट सितारा: निनी
- गरबा रत्न: निर्मल श्रीमाली
- तूफानी टोली (विशेष प्रस्तुति): निनिशा, वैष्णवी, सिद्धू, अवनी एवं मोनिका दवे
- बेस्ट ड्रेस (किड्स): आरोही व्यास
कार्यक्रम में भारतप्रकाश, बृजमोहन श्रीमाली, नरेश श्रीमाली, नरेंद्र राज बोहरा, सुशीला श्रीमाली, तेजेश श्रीमाली सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे। अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया।

