जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने ली संपर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 05 अक्टूबर। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित एवं निस्तारित परिवेदनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं का 15 दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 15 दिन से अधिक समय से लंबित एक भी परिवेदना संपर्क पोर्टल पर नहीं रहनी चाहिए।

जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने ली संपर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक
जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने ली संपर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक


जिला कलेक्टर ने कहा कि जिन विभागों में 15 दिन से अधिक समय से परिवेदनाएं लंबित हैं, वे उनका प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय, रीको, पंजीयन एवं मुद्रांक तथा खान एवं भूविज्ञान सहित ऐसे विभाग, जहां परिवेदनाओं के निस्तारण में अधिक समय लग रहा है, को 15 दिन के भीतर लंबित प्रकरणों के निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने कृषि विपणन बोर्ड, राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम, राजस्थान राज्य सहकारी समिति बैंक सहित अन्य विभागों में परिवेदनाओं के निस्तारण के बाद प्राप्त संतुष्टि स्तर कम रहने पर संबंधित अधिकारियों को इसमें सुधार लाने तथा परिवेदनाओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


कम समय में निस्तारण करने वाले विभागों की सराहना

जिला कलेक्टर ने रोडवेज, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, जोधपुर डिस्कॉम, महिला अधिकारिता एवं कौशल विकास सहित उन विभागों की सराहना की, जिन्होंने परिवेदनाओं का निस्तारण 15 दिन से कम समय में किया है। उन्होंने कहा कि इन विभागों का संपर्क पोर्टल पर प्रदर्शन अच्छा रहा है। सीडीईओ श्री अरुण शर्मा ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 10 दिन से भी कम करने का प्रयास किया जाएगा।


80 प्रतिशत से अधिक रहा संतुष्टि स्तर

बैठक में बताया गया कि तकनीकी शिक्षा, राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल, जेल तथा कॉलेज शिक्षा सहित विभिन्न विभागों में परिवेदनाओं के निस्तारण का संतुष्टि स्तर 80 प्रतिशत से अधिक रहा।

बैठक में एडीपीएस श्रीमती सुमन शर्मा ने बताया कि संपर्क पोर्टल पर बीकानेर जिले की राजस्थान में 13वीं रैंकिंग है। सितंबर माह में परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 18 दिन रहा।

बैठक में बीडीए कमिश्नर सुश्री धायगुडे स्नेहल नाना, डीएफओ श्री जी.वैंकटेश, एडीएम प्रशासन श्री उम्मेद सिंह रतनू, nआईएएस श्री मनु गर्ग, एडीपीएस श्रीमती सुमन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.