ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर: दशनाम गोस्वामी मोहल्ला स्थित श्री जोगमाया माता जी मंदिर में शनिवार को छप्पन भोग का भव्य एवं दिव्य आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर माता रानी के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया और उन्हें विभिन्न प्रकार के पारंपरिक पकवानों, फलों एवं मिष्ठानों का महाभोग अर्पित किया गया।
![]() |
| जोगमाया माता जी मंदिर में छप्पन भोग का भव्य आयोजन; श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ दशनाम गोस्वामी मोहल्ला |
आयोजन के दौरान समूचा मंदिर परिसर 'जय माता दी' और माता रानी के जयकारों से गुंजायमान रहा। सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से जोगमाया माता जी के दर्शन कर क्षेत्र व परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगल कामना की।
मंदिर के मुख्य पुजारी राजेन्द्र पुरी ने बताया कि माता जी को अर्पित किए गए छप्पन भोग के बाद महाआरती का आयोजन किया गया और उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरे मोहल्ले व आसपास के क्षेत्र में दिनभर आस्था और उल्लास का विशेष वातावरण बना रहा। आयोजन में स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

