भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर बीकानेर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, कोटगेट पर फूंका पुतला; बर्खास्तगी की मांग

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 17 अक्टूबर: राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के विवादित बयान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं देहात) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ऐतिहासिक कोटगेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ का पुतला फूंका, जमकर नारेबाजी की और उन्हें तत्काल पार्टी पद से बर्खास्त करने की मांग उठाई। इस दौरान आमजन को राठौड़ के कथित बयान का वीडियो दिखाने के लिए मौके पर विशेष रूप से एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर बीकानेर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, कोटगेट पर फूंका पुतला; बर्खास्तगी की मांग


विरोध सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की कथनी और करनी का अंतर अब पूरी तरह उजागर हो चुका है। राठौड़ के बयान को निंदनीय बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का राष्ट्रवाद केवल चुनावी दिखावा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूर्व पाकिस्तान यात्रा का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा का यह दोहरा चरित्र जनता के सामने आ चुका है।

जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने संघ और भाजपा की विचारधारा पर प्रहार करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के समय से ही इनके रुख पर सवाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राठौड़ का यह बयान अचानक नहीं आया, बल्कि यह इनकी वास्तविक सोच को दर्शाता है।

जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि भाजपा जनता के सामने पाकिस्तान को सबसे बड़ा दुश्मन बताती है और दूसरी तरफ उनके नेता इस तरह के बेतुके बयान देते हैं कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुआ तो वे पाकिस्तान की तरफ से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि देशभक्ति की कसौटी जुमलेबाजी नहीं, बल्कि सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय हितों के प्रति निष्ठा होती है।

पूर्व मंत्री विरेन्द्र बेनिवाल एवं पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि भाजपा केवल वोटों के ध्रुवीकरण के लिए पाकिस्तान और राष्ट्रवाद के नाम का सहारा लेती है, लेकिन हकीकत में उनके नेताओं के बयान राष्ट्रीय गरिमा के विपरीत हैं।

सभा को पीसीसी महासचिव गजेंद्र सिंह सांखला, प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष विक्रम स्वामी, डॉ. प्रीति मेघवाल, शर्मिला पंचारिया, वंदना गुप्ता, शलीना खान, बेनजीर बानो, नंदलाल, करणी सिंह राजपुरोहित, हसन अली सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया।

जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल एवं शहर कांग्रेस प्रवक्ता भीखाराम ने बताया कि पुतला दहन एवं विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.