ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और हर आयु वर्ग को फिटनेस से जोड़ने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन (DSF) द्वारा रविवार को लिलीपॉन्ड के पास आयोजित ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ में ‘खेलो बीकानेर क्लब’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
![]() |
| दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन ने शुरू किया ‘खेलो बीकानेर क्लब’ |
संस्था की प्रतिनिधि निशा लिम्बा ने बताया कि क्लब का मुख्य उद्देश्य बीकानेर के हर मोहल्ले और क्षेत्र के बच्चों व युवाओं को खेलों और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके।
‘मिशन 2036’ के साथ तैयार होंगे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर लिम्बा ने बताया कि संस्था ने ‘मिशन 2036 – खेल के मैदान से ओलंपिक पोडियम तक’ का विज़न तय किया है। इसके तहत प्रत्येक रविवार को खेल, व्यायाम, फिटनेस और टीम भावना से जुड़ी गतिविधियाँ संचालित की जाएँगी। उभरती हुई प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा।
सक्रिय जनसहभागिता से बढ़ रहा कारवां कार्यक्रम में उपस्थित रवि ने इस जमीनी पहल की सराहना करते हुए साझा किया कि वे सोशल मीडिया के जरिए इस अभियान से जुड़े और बीते एक माह से नियमित रूप से भाग ले रहे हैं। इस रविवार उन्होंने विभिन्न खेल गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी संभालते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
संस्था ने शहरवासियों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे ‘खेलो बीकानेर, आगे बढ़े बीकानेर’ की इस मुहिम से जुड़ें। क्लब ने युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए “अपना शहर, अपना खेल, अपनी पहचान” और “नशे को ना, खेलों को हाँ!” का ध्येय वाक्य सामने रखा।
इस आयोजन में हिताशा, रुद्राक्ष, निशा, कुसुम, कोमल, रामनिवास, अभिषेक, निहाल, यश, रिशिता, भव्य, तनिष्क, हीरल सहित दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की पूरी टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही।

