ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। शहर में जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और हर आयु वर्ग को फिटनेस से जोड़ने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन (DSF) द्वारा लिलीपॉन्ड के पास आयोजित ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ में ‘खेलो बीकानेर क्लब’ का शुभारंभ किया गया। इस पहल का मुख्य ध्येय बीकानेर के युवाओं को खेलों की मुख्यधारा से जोड़कर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
![]() |
| दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन ने शुरू किया ‘खेलो बीकानेर क्लब’, 'मिशन 2036' के तहत ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी तैयार करने का लक्ष्य |
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर लिम्बा ने बताया कि संस्था ने ‘मिशन 2036 – खेल के मैदान से ओलंपिक पोडियम तक’ का संकल्प लिया है। इस विज़न के तहत बीकानेर के कोने-कोने से खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण व मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे भविष्य में ओलंपिक जैसे वैश्विक मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ के तहत प्रत्येक रविवार खेल, फिटनेस, शारीरिक व्यायाम और टीम भावना पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
संस्था की प्रतिनिधि निशा लिम्बा ने कहा कि क्लब का उद्देश्य हर मोहल्ले और क्षेत्र के बच्चों व युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करना है, जिससे वे नशे व स्क्रीन की लत से दूर होकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
कार्यक्रम में नियमित प्रतिभागी रवि ने विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस अभियान से जुड़ने का अनुभव साझा किया और रविवार की गतिविधियों की कमान संभालते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
डीएसएफ टीम ने अभिभावकों, शैक्षणिक संस्थानों और खेल प्रेमियों से अपील की कि वे ‘खेलो बीकानेर, आगे बढ़े बीकानेर’ की मुहिम से जुड़कर शहर को एक नई खेल पहचान दिलाएं। क्लब का ध्येय वाक्य “अपना शहर, अपना खेल, अपनी पहचान” और “नशे को ना, खेलों को हाँ!” तय किया गया है।
इस अवसर पर डीएसएफ टीम सदस्य हिताशा, रुद्राक्ष, कुसुम, कोमल, रामनिवास, अभिषेक, निहाल, यश, रिशिता, भव्य, तनिष्क, हीरल सहित बड़ी संख्या में बच्चे व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

