ट्रिपल एस ओ न्यूज, नोखा। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय चाचा नेहरू, नोखा में गुरुवार को 'नशा मुक्त समाज व नशा मुक्त विद्यालय' की थीम एवं 'सेवा यात्रा मुहिम नोखा' के अंतर्गत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम व्यवस्था प्रमुख विजय कुमार भार्गव के निर्देशन में संपन्न हुआ।
![]() |
| चाचा नेहरू विद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित; छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने ली समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ |
कार्यक्रम के मुख्य चरण में विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पाण्डेय ने उपस्थित छात्राओं, विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावकों को स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई।
समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षक लिखमाराम मेघवाल एवं शारीरिक शिक्षक शिवकरण बिश्नोई ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को नष्ट करने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति को भी गहरा आघात पहुँचाता है।
इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं ने आजीवन नशे से दूर रहने, परिजनों व पड़ोसियों को इसके प्रति जागरूक करने तथा व्यसन में लिप्त लोगों को नशा छोड़ने हेतु प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को व्यसनों से बचाकर एक स्वस्थ, सजग और सशक्त समाज का निर्माण करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्राएँ एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

