ट्रिपल एस ओ न्यूज बीकानेर। रात के समय राजमार्गों पर विचरण करने वाले निराश्रित गौवंश की कम दृश्यता के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स ने एक विशेष पहल की है। क्लब द्वारा 'रिफ्लेक्टिव रेडियम बेल्ट अभियान' की शुरुआत की गई है, जिसके तहत पहले दिन बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 50 से अधिक गायों के गले में रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाई गईं।
![]() |
| रात में गौवंश की दृश्यता बढ़ाने के लिए रोटरी रॉयल्स ने शुरू किया अभियान; पहले दिन 50 से अधिक गायों को पहनाईं रिफ्लेक्टिव बेल्ट |
यह पायलट प्रोजेक्ट राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास), बीकानेर के प्रोफेसर डॉ. आर.के. धुरिया के सुझाव और मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। अभियान का औपचारिक शुभारंभ राजुवास के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने एक गाय को रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाकर और अभियान दल को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि रात के अंधेरे में गौवंश की कम दृश्यता सड़क हादसों का एक प्रमुख कारण बनती है। वाहनों की लाइट पड़ते ही चमकने वाली ये रिफ्लेक्टिव बेल्ट चालकों को दूर से ही सतर्क कर देंगी, जिससे दुर्घटनाओं के जोखिम में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने सामाजिक सरोकार के इस कार्य में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की भी सराहना की।
अभियान संयोजक डॉ. आर.के. धुरिया के नेतृत्व में रोटरी रॉयल्स के सदस्यों और राजुवास के विद्यार्थियों की टीम ने बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौरंगदेसर तक पहुंचकर 50 से अधिक मवेशियों को सुरक्षित तरीके से बेल्ट पहनाई।
रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के अध्यक्ष इंजी. विपिन लड्ढा ने बताया कि सड़क पर बेसहारा पशुओं की मौजूदगी न केवल पशुओं के लिए, बल्कि वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित होती है। क्लब वैज्ञानिक विशेषज्ञता और सामाजिक सेवा के समन्वय से इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। आगामी दिनों में बीकानेर से जुड़ने वाले अन्य प्रमुख राजमार्गों और दुर्घटना-संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर भी इस अभियान का विस्तार किया जाएगा। साथ ही, अलग-अलग परिस्थितियों में बेल्ट के व्यावहारिक प्रभाव और टिकाऊपन का भी निरंतर आकलन किया जाएगा।
इस अभियान में क्लब के कोषाध्यक्ष राजेश खत्री, रोटे राजेश पारीक, बीकानेर फ्रूट वेजिटेबल मर्चेंट्स एंड कमीशन एजेंट्स सोसाइटी के अध्यक्ष रोटे मुकुल झांब सहित रोटरी के अनेक सदस्य और राजुवास के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

