ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 28 अक्टूबर। बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने भू-माफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को ग्राम चकगर्बी क्षेत्र में बड़े स्तर पर अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया। प्राधिकरण की इस संयुक्त कार्रवाई में लगभग 100 बीघा सरकारी एवं खातेदारी भूमि को अवैध कब्जों और अनधिकृत प्लॉटिंग से पूरी तरह मुक्त कराया गया।
![]() |
| बीकानेर विकास प्राधिकरण का अवैध अतिक्रमण पर बड़ा प्रहार: 100 बीघा भूमि करवाई गई मुक्त, अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा; प्रॉपर्टी डीलर का कार्यालय सीज |
प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुडे नाना के कड़े दिशा-निर्देशों के तहत तहसीलदार श्री महेंद्र सिंह रतनू के नेतृत्व में बीडीए के प्रवर्तन दस्ते ने ग्राम चकगर्बी के विभिन्न सरकारी खसरों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इसके साथ ही निजी खातेदारी खसरों पर बिना अनुमति काटी जा रही अवैध कॉलोनियों की चारदीवारी, डिमार्केशन और कच्चे-पक्के ढांचों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध भूखंडों की खरीद-फरोख्त और डीलिंग के लिए संचालित की जा रही एक प्रॉपर्टी डीलर की दुकान को भी प्राधिकरण द्वारा तुरंत प्रभाव से सीज कर दिया गया।
तहसीलदार श्री महेंद्र सिंह रतनू ने स्पष्ट किया कि शहर के सुनियोजित विकास के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने और बिना लेआउट पास करवाए अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण का यह सख्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी भूखंड को खरीदने से पूर्व बीडीए से उसके विधिक अनुमोदन और दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें, जिससे किसी भी प्रकार के आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

