मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की घटनाओं पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सख्त; दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा

ट्रिपल एस ओ न्यूज, जयपुर, 16 नवंबर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में सामने आ रही रैगिंग की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, मानसिक अथवा शारीरिक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाए और दोषी विद्यार्थियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाए।

मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की घटनाओं पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सख्त; दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा
मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की घटनाओं पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सख्त; दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा


शिक्षा और संस्कार के केंद्र हैं मेडिकल कॉलेज श्री खींवसर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शिक्षा और संस्कार के केंद्र हैं, जहां विद्यार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा कनिष्ठों को प्रताड़ित करना, अनुचित दबाव बनाना, देर रात तक जगाना या जबरन गतिविधियां करवाना गंभीर अनुशासनहीनता है, जिसे किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

एंटी रैगिंग एक्शन प्लान की हो अक्षरशः पालना चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी (राजमेस) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों में जारी 'एंटी रैगिंग एक्शन प्लान' की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। कॉलेज प्रशासन प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई करे।

प्रमुख निर्देश और सुरक्षा उपाय:

  • गोपनीयता एवं सुरक्षा: जांच के दौरान पीड़ित विद्यार्थियों की पहचान और उनके परिवारों की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाए। शिकायतकर्ताओं को डराने-धमकाने या शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
  • सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्य: कॉलेज परिसर, छात्रावासों और संवेदनशील स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी की जाए। शिकायत मिलने पर संबंधित फुटेज एवं डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखकर समयबद्ध जांच की जाए, जिसमें छात्रावास वार्डन और सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ शामिल हो।
  • काउंसलिंग एवं निगरानी: एंटी रैगिंग कमेटी और स्क्वॉड सक्रिय रहकर नियमित निगरानी करें। नए विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग हो, उनसे गोपनीय संवाद किया जाए और उन्हें शिकायत दर्ज कराने के माध्यमों की पूरी जानकारी दी जाए।

तय होगी प्रशासन की जवाबदेही श्री खींवसर ने चेतावनी दी कि भविष्य में रैगिंग की कोई घटना होने पर यदि जांच में कॉलेज प्रशासन की लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है, तो संबंधित प्रशासन को सीधे तौर पर जिम्मेदार माना जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.