ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 26 नवम्बर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला परिषद कार्यालय में संविधान की उद्देशिका का वाचन एवं संविधान चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]() |
| संविधान दिवस पर उद्देशिका का वाचन, संविधान को बताया भारत की आत्मा |
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने संविधान की उद्देशिका का पठन कराया। उन्होंने कहा कि संविधान भारत की आत्मा है। संविधान ही हमें एकता, समानता, न्याय और स्वतंत्रता के सूत्र में बांधता है। उन्होंने कहा कि हमें धर्म, वर्ग, जाति और संप्रदाय से ऊपर उठकर राष्ट्र को सर्वोपरि मानना चाहिए। राष्ट्र सर्वोपरि की भावना ही भारत को मजबूत बनाती है।
श्रीमती पांडे ने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है। यह हमें अधिकार भी देता है और कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को अपने कार्य और व्यवहार में अपनाएं और आमजन तक संविधान की भावना को पहुंचाएं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती ऋतुराज महला ने संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को संविधान का सम्मान करते हुए उसका पठन अवश्य करना चाहिए। संविधान को पढ़ने से ही हमें अपने अधिकारों और कर्तव्यों की सही जानकारी मिलती है।
श्रीमती महला ने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी उतना ही आवश्यक है। यदि हर नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करे, तो समाज और राष्ट्र स्वतः ही प्रगति की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना हर भारतीय का परम कर्तव्य है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया और संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संविधान के महत्व, उसकी विशेषताओं और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर चर्चा की गई।
श्रीमती महला ने बताया कि यह कार्यक्रम जिले की समस्त पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों में भी आयोजित किया गया। वहां भी उद्देशिका का वाचन और संविधान चर्चा का आयोजन कर लोगों को संविधान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम का संचालन ज़िला समन्वयक आईईसी गोपाल जोशी ने किया।

