ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। देशभर में जहां दीपावली का पावन पर्व उमंग, उत्साह और खरीदारी की चहल-पहल के साथ मनाया जा रहा है, वहीं 'नेशन फर्स्ट फाउंडेशन' की टीम ने इस रोशनी के त्योहार को जरूरतमंदों के बीच मनाकर एक अनूठी मिसाल पेश की। संस्था के सदस्यों ने बीकानेर स्थित आनंद आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे निराश्रित बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का सार्थक प्रयास किया।
![]() |
| आनंद आश्रम के बच्चों संग दीपावली की खुशियां: टीम 'नेशन फर्स्ट फाउंडेशन' ने बांटी मुस्कान |
कार्यक्रम के दौरान टीम के सदस्यों ने बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया। बच्चों के साथ केक काटकर उनका मुंह मीठा कराया गया, जिससे मासूमों के चेहरे खिल उठे। संस्था की ओर से बच्चों को नए उपहार और पटाखे वितरित किए गए, जिन्हें पाकर बच्चे खुशी से झूम उठे। इसके अतिरिक्त, आश्रम की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राशन सामग्री (आटा एवं चावल) संस्थान प्रधान को सौंपी गई। सभी सदस्यों ने बच्चों के साथ मिलकर आतिशबाजी का आनंद लिया और अल्पाहार वितरित किया।
इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने कहा कि "खुशियों का असली मजा सबके साथ बांटने में ही है।" उपस्थित सदस्यों ने इस दिवाली को अपने जीवन की सबसे यादगार दीपावली बताया।
उपस्थिति व सहयोग: इस सेवा कार्य में टीम के सदस्य पंकज कंसल, प्रकाश सामसुखा, दिलीप गुप्ता, वरिष्ठ मार्गदर्शक लक्ष्मण रामावत, मंजू गुलगुलिया, सुनील कंसल, मुस्कान खत्री, गोविंद चौधरी, सन्नी अग्रवाल, लक्ष्य गहलोत, न्यूमरोलॉजिस्ट डॉ. अर्चना सक्सेना, वरिष्ठ शिक्षाविद एवं पत्रकार डॉ. मुदिता पोपली सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्थान के मानद सदस्य डॉ. साहिना कोहरी एवं जगदीश रामावत का भी विशेष सहयोग रहा।

