विधायक श्री जेठानंद व्यास ने जिला कलक्टर को लिखा पत्र, नगर निगम, कचरा संग्रहण ठेका कंपनी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 18 नवंबर। नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन से हुई दुर्घटना में केशवदत्त आचार्य की मृत्यु के मामले को लेकर बीकानेर (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र विधायक श्री जेठानंद व्यास ने जिला कलक्टर को पत्र लिखकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

विधायक श्री जेठानंद व्यास ने जिला कलक्टर को लिखा पत्र, नगर निगम, कचरा संग्रहण ठेका कंपनी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग
विधायक श्री जेठानंद व्यास ने जिला कलक्टर को लिखा पत्र, नगर निगम, कचरा संग्रहण ठेका कंपनी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग


विधायक श्री व्यास ने 18 नवंबर को जिला कलक्टर को भेजे पत्र में उल्लेख किया कि 31 अक्टूबर 2026 को नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन से हुई दुर्घटना के पश्चात इलाज के दौरान श्री केशवदत्त आचार्य की मृत्यु हुई थी। यह प्रकरण अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को विभिन्न बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच करवाने के निर्देश देने का आग्रह किया है।

विधायक ने मांग की है कि दुर्घटना के समस्त तथ्यों की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। साथ ही नगर निगम एवं कचरा संग्रहण ठेका कंपनी की भूमिका और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए। वाहन चालक की नियुक्ति, ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव एवं प्रशिक्षण से जुड़े दस्तावेजों की जांच करवाने की मांग भी की गई है।

पत्र में दुर्घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखकर जांच में शामिल करने तथा मृतक के उपचार से संबंधित समस्त मेडिकल रिकॉर्ड, एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच करवाने की बात कही गई है। विधायक ने जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रकरण में की गई समस्त कार्रवाई से परिवार को अवगत करवाया जाए, ताकि उन्हें न्याय मिलने की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।

विधायक श्री व्यास ने जिला कलक्टर से जनहित एवं प्रकरण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए संलग्न मूल प्रार्थना-पत्र पर आवश्यक कार्रवाई करवाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आग्रह किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.