ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक, मिशन लाइफ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 2 नवम्बर। भारत में आयोजित होने वाले आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संदर्भ में राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 1 से 7 नवंबर तक ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन के आदेशानुसार तथा जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में सप्ताहभर विभिन्न विभागों, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक, मिशन लाइफ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन
ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक, मिशन लाइफ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन


जिला परिषद स्तर पर इसका शुभारम्भ पौधारोपण के साथ किया गया। इस दौरान मिशन लाइफ की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान में स्वस्थ जीवनशैली, ऊर्जा संरक्षण, जल बचत, सतत खाद्य प्रणाली, ई-कचरे में कमी तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत मिशन लाइफ प्रतिज्ञा, योग एवं फिटनेस गतिविधियां, वॉकाथॉन, साइक्लोथॉन, सक्रिय गतिशीलता, ऊर्जा बचाओ तथा घरेलू ऊर्जा संरक्षण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के प्रथम दिन स्वस्थ जीवनशैली विषय पर केंद्रित गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें योग, शारीरिक व्यायाम तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में सोमवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ऊर्जा संरक्षण विषय पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से बिजली के अनावश्यक उपयोग को रोकने, ऊर्जा दक्ष उपकरण अपनाने तथा दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत की आदत विकसित करने का संदेश दिया गया।

इस सप्ताह का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित न रखकर आमजन की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है, जिससे सामूहिक सहभागिता से सतत विकास की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.