ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की रणभूमि पर अदम्य साहस व पराक्रम का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद मेजर शैतान सिंह जी की प्रतिमा को खंडित किए जाने के विरोध में आज बीकानेर के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं पूर्व सैनिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। फलोदी जिले के रामदेव नगर (आमला) स्थित शहीद की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुँचाए जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधीश के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
![]() |
| अमर शहीद मेजर शैतान सिंह की प्रतिमा खंडित करने के विरोध में आक्रोश रैली व कैंडल मार्च, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन |
प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से महापौर अनिल कल्ला, नगेंद्रपाल सिंह शेखावत, भगवान सिंह मेड़तिया, महिपाल सिंह जय, कपिल सिंह चारण, नवीन सिंह तंवर, नवरत्न व्यास, रामगोपाल बिश्नोई, कर्नल हेम सिंह शेखावत, करण प्रताप सिंह सिसोदिया, क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष व प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान, भगवान सिंह बासी, गंगा सिंह पड़िहार, कैप्टन किशन सिंह, सूबेदार गजेंद्र सिंह राठौड़ और सार्जेंट टोडाराम सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने इसे शहीदों के बलिदान और राष्ट्र के सम्मान का अपमान बताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
कैंडल मार्च निकालकर जताया विरोध इस घटना के विरोध में एक विशाल आक्रोश रैली सह कैंडल मार्च का भी आयोजन किया गया। यह कैंडल मार्च कैप्टन चंद्र चौधरी स्मारक स्थल से रवाना होकर मेजर पूर्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए शांतिपूर्वक पब्लिक पार्क स्थित वॉर मेमोरियल टावर पहुँचा, जहाँ यह एक सभा के रूप में परिवर्तित हो गया।
इस मार्च में क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट (बीकानेर संभाग), अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद, गौरव सेनानी एसोसिएशन (बीकानेर), श्री राजपूत करणी सेना, राजपूत विचार मंच (बीकानेर) तथा परशुराम सेवा समिति (बीकानेर) के पदाधिकारियों व सदस्यों सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स और बीकानेर के प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

