ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। वार्ड नंबर 21 के अंतर्गत बंगला नगर स्थित राठी गौशाला के पास लंबे समय से जमा कचरे और गंदगी की समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों ने क्षेत्रीय पार्षद श्री रिजवान खान को एक मांग पत्र सौंपा।
![]() |
| राठी गौशाला के पास व्याप्त गंदगी व कचरा हटाने तथा 500 रुपए जुर्माना लगाने की मांग को लेकर पार्षद को सौंपा ज्ञापन |
क्षेत्रवासियों ने पार्षद को अवगत कराया कि गौशाला के पास भारी मात्रा में कचरा व गंदगी जमा रहने से पूरे क्षेत्र में अस्वच्छता की स्थिति बनी हुई है। इससे उठने वाली दुर्गंध और अव्यवस्था के कारण राहगीरों व आसपास के निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दीपावली के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए निवासियों ने मांग की है कि त्योहार से पूर्व पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर इस कचरे को तत्काल प्रभाव से हटवाया जाए। इसके साथ ही, भविष्य में इस स्थान पर दोबारा कचरा फेंकने की रोकथाम हेतु चेतावनी बोर्ड स्थापित करने तथा नियम उल्लंघन करने वालों पर 500/- रुपए का जुर्माना लगाने का प्रावधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
समस्त क्षेत्रवासियों ने वार्ड को स्वच्छ, सुंदर और गंदगी मुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए पार्षद महोदय से जनहित में इस समस्या पर शीघ्रताशीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई कराने की मांग की है।

