दुर्गा अष्टमी व महानवमी पर भगवती स्वरूप कन्याओं का हुआ पूजन श्री गुरु अर्जुन दास सत्संग भवन एवं श्री रूद्र हनुमान सेवा समिति द्वारा हुआ भव्य आयोजन

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 19 अक्टूबर: श्री गुरु अर्जुन दास सत्संग भवन एवं श्री रूद्र हनुमान सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा अष्टमी एवं महानवमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया।

दुर्गा अष्टमी व महानवमी पर भगवती स्वरूप कन्याओं का हुआ पूजन श्री गुरु अर्जुन दास सत्संग भवन एवं श्री रूद्र हनुमान सेवा समिति द्वारा हुआ भव्य आयोजन
दुर्गा अष्टमी व महानवमी पर भगवती स्वरूप कन्याओं का हुआ पूजन श्री गुरु अर्जुन दास सत्संग भवन एवं श्री रूद्र हनुमान सेवा समिति द्वारा हुआ भव्य आयोजन


महोत्सव का शुभारंभ मां भगवती के श्री दुर्गा सप्तशती पाठ के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। पाठ के उपरांत विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नौ कुंवारी कन्याओं का पाद्य-पूजन, तिलक व आरती कर भगवती स्वरूप में वंदन किया गया। पूजनोपरांत सभी कन्याओं को पारंपरिक हलवा, पूरी, खीर और चने का सात्विक भोग कराया गया तथा उपहार स्वरूप जूते व मोजे भेंट किए गए।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पूज्य गुरु अर्जुन दास जी ने नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं और कन्या पूजन के आध्यात्मिक व सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने आशीर्वचन में कहा:

"नवरात्रि में कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि साक्षात स्त्री शक्ति और मातृत्व की वंदना है। कन्याओं के चरण पखारना और उनके समक्ष नतमस्तक होना साधक को अहंकार, ईर्ष्या और अभिमान त्याग कर निस्वार्थ सेवा भाव अपनाने की प्रेरणा देता है। संपूर्ण सृष्टि का मूल आधार 'शक्ति तत्व' है। नव सिद्धियों की अधिष्ठात्री मां सिद्धिदात्री की आराधना और कन्याओं को प्रेमपूर्वक भोजन कराने से मां अन्नपूर्णा का आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिससे साधक के जीवन में कभी अन्न और धन का अभाव नहीं रहता।"

समारोह में अभिषेक गुप्ता, उषा गुप्ता, वैभव, बसंत, हिमांशु सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व समिति के सेवादार उपस्थित रहे। अंत में सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.