ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 30 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के निर्देशानुसार आभा पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड्स (ABHA PHR) मोबाइल एप 31 अक्टूबर 2026 से बंद किया जा रहा है। नवंबर 2026 से नागरिक आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के अंतर्गत उपलब्ध डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आरोग्य सेतु 2.0 मोबाइल एप के माध्यम से ले सकेंगे।
![]() |
| पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड के लिए अब आरोग्य सेतु 2.0 मोबाइल एप पर करना होगा शिफ्ट, 31 अक्टूबर से बंद होगा आभा एप |
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि नागरिकों को अपने मोबाइल में उपलब्ध आभा पीएचआर एप को अपडेट करने के बाद उसमें प्रदर्शित ‘Download Aarogya Setu 2.0’ विकल्प के माध्यम से अथवा प्ले स्टोर पर जाकर नए एप को डाउनलोड एवं इंस्टॉल करना चाहिए। इसके बाद आरोग्य सेतु 2.0 एप में मोबाइल नंबर, आधार नंबर, आभा नंबर अथवा आभा एड्रेस के माध्यम से उपलब्ध प्रमाणीकरण विकल्पों का उपयोग कर लॉग-इन किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों के पास पहले से आभा नंबर नहीं है, उन्हें नया आभा नंबर बनवाने की आवश्यकता नहीं है। वे गेस्ट यूजर के रूप में लॉग-इन कर उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार अपनी आभा प्रोफाइल एवं आभा एड्रेस से लिंक स्वास्थ्य रिकॉर्ड देख सकेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे 31 अक्टूबर से पहले नए एप पर स्थानांतरित होने की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि नवंबर से डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का निर्बाध लाभ प्राप्त कर सकें।
आरोग्य सेतु 2.0 एप पर मिलेंगी कई डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाएं
जिला कार्यक्रम समन्वयक मालकोश आचार्य ने बताया कि आरोग्य सेतु 2.0 एप के माध्यम से नागरिक अपने आभा नंबर से लिंक डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड देख सकेंगे तथा अपनी सहमति से इन्हें संबंधित चिकित्सक अथवा अधिकृत स्वास्थ्य सेवा प्रदाता के साथ साझा कर सकेंगे। एप पर स्मार्ट हेल्थ डैशबोर्ड एवं फिटनेस ट्रैकिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिसके माध्यम से कदमों की संख्या, चली गई दूरी एवं कैलोरी की खपत जैसी जानकारियां देखी जा सकेंगी। स्वास्थ्य रिकॉर्ड अपलोड करने के बाद एआई आधारित स्मार्ट हेल्थ रिपोर्ट भी प्राप्त की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि एप के माध्यम से नागरिक अपने आसपास उपलब्ध आयुष्मान आरोग्य मंदिर, ब्लड बैंक तथा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त एंबुलेंस सेवाओं, प्रत्यक्ष चिकित्सकीय परामर्श तथा निर्धारित दवाओं के सेवन के लिए रिमाइंडर जैसी सुविधाओं का लाभ भी लिया जा सकेगा।

