ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 18 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध बाबा रामदेवरा मेले के मद्देनजर श्रीगंगानगर–लालगढ़–रामदेवरा–जैसलमेर रेल सेवा को स्थायी रूप से संचालित करने की मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। इसी मांग को लेकर रेल विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने शनिवार को सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), बीकानेर के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र रेल सेवा शुरू करने की मांग की।
![]() |
| रामदेवरा मेला स्पेशल रेल सेवा को स्थायी रूप से शुरू करने की मांग, डीआरएम के नाम सौंपा ज्ञापन |
समिति के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि विश्व प्रसिद्ध बाबा रामदेवरा मेला कुछ ही समय बाद प्रारंभ होने वाला है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु और यात्री दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन पिछले कई वर्षों से मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन करता रहा है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलती रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि इस वर्ष भी मेला शुरू होने से पहले श्रीगंगानगर–लालगढ़–रामदेवरा–जैसलमेर रेल सेवा को केवल मेला अवधि तक सीमित न रखते हुए स्थायी रेल सेवा के रूप में नियमित समय-सारिणी के साथ संचालित किया जाए। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा श्रद्धालुओं को वर्षभर बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।
समिति ने यह भी उल्लेख किया कि यह रेल सेवा अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्र श्रीगंगानगर से अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्र जैसलमेर तक जाने वाली महत्वपूर्ण रेल सेवाओं में से एक है। ऐसे में इसके नियमित संचालन से यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और रेलवे प्रशासन को भी राजस्व का लाभ मिलेगा।
रेल विकास संघर्ष समिति ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस रेल सेवा को जल्द से जल्द स्थायी रूप से प्रारंभ किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में रमेश चंद्र माथुर, साहब रामस्वामी, रामप्रताप खोरवाल, भंवर बारियावा, भवानी शंकर भोजन, श्याम सोमानी, जितेंद्र शर्मा, रणजीत सिंह, किशन लाल सिंधी, प्रेम कुमार, योगेश स्वामी, ललित किशोर शर्मा, नरपत सिंह, राहुल शर्मा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

