ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 18 जुलाई। शहर के वार्ड संख्या 23 स्थित मुख्य कल्याण भूमि के निकट शुक्रवार देर रात हिंदुस्तान शिवसेना के जिला प्रमुख जितेंद्र काण्डा के घर में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में अचानक आग लग गई। घटना के समय उनके बच्चे उसी कमरे में सो रहे थे। समय रहते बच्चे की नींद खुलने और परिवार की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
![]() |
| सूरतगढ़ में बड़ा हादसा टला! एसी में लगी भीषण आग, सोते बच्चों की बची जान | बिजली विभाग पर गंभीर आरोप |
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे एसी में अचानक आग भड़क उठी। आग देखकर बच्चे ने तुरंत अपने पिता जितेंद्र काण्डा को जगाया। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले बच्चों को सुरक्षित कमरे से बाहर निकाला, घर की मुख्य बिजली सप्लाई (मेन स्विच) बंद की और पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आए कमरे के गद्दे को भी बाहर निकालकर बुझाया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि एसी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
घटना के बाद जितेंद्र काण्डा ने आरोप लगाया कि उनके घर के समीप मुख्य कल्याण भूमि चौराहे पर लगा विद्युत ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब स्थिति में है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर में बार-बार वोल्टेज कम-ज्यादा होने की समस्या रहती है, जिससे आसपास के घरों में लगे विद्युत उपकरण लगातार खराब हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले इसी ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना भी हो चुकी है तथा कई बार करंट आने जैसी स्थिति भी बनी है।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान शिवसेना की ओर से इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। साथ ही ट्रांसफार्मर खुले में लगा होने और उसके चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर भी उन्होंने चिंता जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह घटना बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। नागरिकों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर की तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर करने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।


