ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित ‘अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस’ (15 मई) के अवसर पर दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित विशेष जन-अभियान “रिश्तों की राह: दो कदम अपनों के संग” को अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलनी शुरू हो गई है। इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए भारत सरकार के भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव ने दूरभाष पर फाउंडेशन से संपर्क कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
![]() |
| अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस: “रिश्तों की राह” अभियान को मिला भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) का साथ |
‘फिट इंडिया’ अभियान से जुड़ा बीकानेर का आयोजन
श्री मयंक श्रीवास्तव ने इस अभिनव पहल को ‘नमो फिट इंडिया क्लब’ के अंतर्गत मान्यता प्रदान करते हुए फाउंडेशन को आधिकारिक प्रमाण पत्र (Acknowledge Certificate) जारी किया है। साथ ही, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ का आधिकारिक लोगो भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे अब यह आयोजन केंद्र सरकार के ‘फिट इंडिया’ अभियान के साथ मिलकर स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक एकता का संदेश देगा।
समाजसेवी कैलाश बिश्नोई ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह
इसी क्रम में प्रमुख समाजसेवी कैलाश बिश्नोई ने भी इस अभियान को अपना समर्थन प्रदान किया। उन्होंने युवा टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम और मुंबई के संजय गांधी नेशनल पार्क की तर्ज पर बीकानेर में आयोजित यह कार्यक्रम शहर की नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बीकानेरवासी बड़ी संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएंगे।
पंजीकृत प्रतिभागियों को मिलेगा ग्रुप लाइफ इंश्योरेंस
फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि आयोजन को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले सभी प्रतिभागियों को ग्रुप लाइफ इंश्योरेंस (सामूहिक जीवन बीमा) का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए बीमा कंपनियों से समन्वय किया गया है। यह सुविधा केवल पंजीकृत सदस्यों के लिए ही मान्य होगी।
बीकानेर बनेगा अंतरराष्ट्रीय पहचान का केंद्र
निशा लिम्बा ने कहा कि जहाँ देशभर में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स “हेल्दी फैमिली, हेल्दी इंडिया” का संदेश दे रहे हैं, वहीं बीकानेर का यह स्थानीय आयोजन शहर को मेट्रो सिटीज के समकक्ष स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। यह कार्यक्रम दर्शाता है कि बीकानेर के युवा और नागरिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों को सफलतापूर्वक आयोजित करने की क्षमता रखते हैं।
आयोजन विवरण:
तिथि: 15 मई 2026
स्थान: भ्रमण पथ
मुख्य आकर्षण: हेरिटेज वॉक, फैमिली बॉन्डिंग गतिविधियाँ एवं डिजिटल डिटॉक्स कार्यक्रम।

