ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती श्रद्धा, गौरव एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
![]() |
क्षत्रिय सभा ने मनाई महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती |
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पवनवीर सिंह राठौड़, जनरल मैनेजर (ऑपरेशन), सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल हॉस्पिटल, बीकानेर ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय इतिहास में राजपूतों का गौरवपूर्ण स्थान रहा है। यहां के रणबांकुरों ने देश, धर्म, जाति एवं स्वाधीनता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने में कभी संकोच नहीं किया। उन्होंने कहा कि मेवाड़ की पावन धरती पर बप्पा रावल, महाराणा कुंभा, महाराणा सांगा, उदयसिंह एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जैसे महान योद्धाओं ने जन्म लेकर भारत के इतिहास को गौरवान्वित किया।
![]() |
क्षत्रिय सभा ने मनाई महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती |
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ऐसे वीर सम्राट थे जिन्होंने जंगलों में कष्टपूर्ण जीवन व्यतीत करना स्वीकार किया, लेकिन विदेशी मुगलों की दासता कभी स्वीकार नहीं की। उनका जीवन आज भी स्वाभिमान, स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति की सर्वोच्च प्रेरणा है।
मुख्य वक्ता शिक्षाविद ओंकार सिंह मोरखाना ने कहा कि महाराणा प्रताप का नाम भारतीय इतिहास में साहस, त्याग, शौर्य एवं बलिदान के प्रतीक के रूप में सदैव अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि मुगल सम्राट अकबर के प्रलोभनों एवं दबाव के बावजूद महाराणा प्रताप ने मातृभूमि की स्वतंत्रता से कभी समझौता नहीं किया। आज के युवा वर्ग को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
समारोह के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा महाराणा प्रताप के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए। क्षत्रिय सभा के उपाध्यक्ष जगमाल सिंह पायली एवं मोहन सिंह नाल ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट बीकानेर संभाग के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि समारोह में सर्व समाज के विशिष्ट नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रशासन से अनुरोध कर बीकानेर में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा।


